जयपुर की माणकचौक थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में रविवार को एक हिस्ट्रीशीटर को 24वीं बार अरेस्ट किया है। कई बार जेल जा चुका आरोपी हिस्ट्रीशीटर स्कूटी चोरी का शौकीन है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 6 स्कूटी बरामद की है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को पकड़ा है। जब पुलिस ने उसे पकड़ा तब आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार था। डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया- चोरी के मामले में आरोपी अभिषेक शर्मा उर्फ राज (30) निवासी पितलियों का चौक, माणक चौक हाल विजय पथ मानसरोवर को अरेस्ट किया है। 3 सितम्बर को जलेबी चौक से एक्टिवा चोरी हुई थी। SHO (माणक चौक) राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में टीम ने CCTV फुटेजों को खंगालना शुरु किया। 50 से अधिक फुटेजों को खंगालने पर स्कूटी चोर की पहचान अभिषेक शर्मा के रुप में हुई। माणक चौक थाना पुलिस ने ही साल-2022 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली थी। काफी दबिश देने के बाद भी आरोपी हिस्ट्रीशीटर हाथ नहीं आया। माणकचौक थाने के कॉन्स्टेबल कैलाश को आरोपी हिस्ट्रीशीटर के बारे में लीड मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी हिस्ट्रीशीटर अभिषेक उर्फ राज को चोरी की स्कूटी पर घूमते धर-दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 6 स्कूटी बरामद की। बचने के लिए बदलता ठिकाने पुलिस के पकड़े हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में चोरी के 24 प्रकरण दर्ज है। पहले भी कई बार इसी प्रकार के वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। साल-2022 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। वह पार्किंग व सुनसान जगहों पर जाता है। कैमरे से बचकर स्कूटी चोरी कर फरार हो जाता। जब तक स्कूटी में पेट्रोल होता है तब तक उसे चलाता है। खत्म होने पर एक स्थान पर ले जाकर उसे वहीं खड़ी कर देता है। उसके बाद किसी दूसरी स्कूटी को चोरी करने की प्रकिया दोहराता। पुलिस से बचने के लिए वह अपने रहने की जगह को बार-बार बदलता रहता है। जिससे पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाए। पूछताछ में आरोपी ने बरामद की स्कूटियां जयपुर शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी करना बताया है। पूछताछ में कई अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।