जयपुर की माणकचौक थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में रविवार को एक हिस्ट्रीशीटर को 24वीं बार अरेस्ट किया है। कई बार जेल जा चुका आरोपी हिस्ट्रीशीटर स्कूटी चोरी का शौकीन है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 6 स्कूटी बरामद की है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी को पकड़ा है। जब पुलिस ने उसे पकड़ा तब आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार था। डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया- चोरी के मामले में आरोपी अभिषेक शर्मा उर्फ राज (30) निवासी पितलियों का चौक, माणक चौक हाल विजय पथ मानसरोवर को अरेस्ट किया है। 3 सितम्बर को जलेबी चौक से एक्टिवा चोरी हुई थी। SHO (माणक चौक) राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में टीम ने CCTV फुटेजों को खंगालना शुरु किया। 50 से अधिक फुटेजों को खंगालने पर स्कूटी चोर की पहचान अभिषेक शर्मा के रुप में हुई। माणक चौक थाना पुलिस ने ही साल-2022 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली थी। काफी दबिश देने के बाद भी आरोपी हिस्ट्रीशीटर हाथ नहीं आया। माणकचौक थाने के कॉन्स्टेबल कैलाश को आरोपी हिस्ट्रीशीटर के बारे में लीड मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी हिस्ट्रीशीटर अभिषेक उर्फ राज को चोरी की स्कूटी पर घूमते धर-दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 6 स्कूटी बी बरामद की है। ऐसे करता था चोरी आरोपी पार्किंग व सुनसान जगहों पर जाता है, कैमरे से बचकर स्कूटी चोरी कर फरार हो जाता। जब तक स्कूटी में पेट्रोल होता है तब तक उसे चलाता। पेट्रोल खत्म होने पर स्कूटी वहीं छोड़ देता है। उसके बाद किसी दूसरी स्कूटी को चोरी करने की प्रकिया दोहराता। पुलिस से बचने के लिए वह अपने रहने की जगह को बार-बार बदलता रहता है। पूछताछ में आरोपी ने बरामद की स्कूटियां जयपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी करना बताया है। आरोपी के खिलाफ 24 मामले दर्ज आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर के अलग-अलग थानों में कुल चोरी के 24 मामले दर्ज है। आरोपी जेल भी जा चुका है। साल-2022 में उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी।