झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में सोमवार से ज्वेलर्स एसोसिएशन जेमस्टोन शो JAGS-2026 में एक दिन में 5 हजार से ज्यादा ट्रेड विजिटर पहुंचे। शो के 30वें संस्करण में देश-विदेश के कारोबारियों, मैन्युफैक्चरर्स और एक्सपोर्टर्स ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि के तौर पर महापौर सुनील कोठारी ने शो का उद्घाटन किया। एस्ट्रोलॉजर सुरभि गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। शो में 210 बूथ लगाए गए हैं। इस शो के जरिए जयपुर के जेम्स स्टोन कारोबार को देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का मौका मिलता है। जयपुर को जेमस्टोन सिटी बनाने पर जोर महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर के जौहरियों ने अपनी मेहनत और कारोबारी कौशल से शहर को जेम्स स्टोन के कारोबार में दुनिया भर में पहचान दिलाई है। हालांकि, अब बैंकॉक और हांगकांग जैसे शहर इस क्षेत्र में आगे निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह दुबई की पहचान गोल्ड सिटी के रूप में है, उसी तरह जयपुर को जेमस्टोन सिटी के रूप में पहचान दिलाने की जरूरत है। कोठारी ने जयपुर के 300वें स्थापना दिवस के लिए 'म्हारो जयपुर, प्यारो जयपुर, न्यारो जयपुर' का नारा भी दिया। दुनिया भर के खरीदारों तक पहुंच रहे जयपुर के जेम्स स्टोन ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि JAGS की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है। शो के जरिए जयपुर के कारीगरों के तराशे हुए रंगीन जेम्स स्टोन को दुनिया भर के खरीदारों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे जेम्स स्टोन कारोबारियों और मैन्युफैक्चरर्स के बीच कारोबारी संबंध भी मजबूत होते हैं। असली जेम्स स्टोन से बनी है जयपुर की पहचान एस्ट्रोलॉजर सुरभि गुप्ता ने कहा कि असली रंगीन जेम्स स्टोन के कारोबार में जयपुर की अपनी पहचान है। यहां के जौहरियों ने ईमानदारी और अच्छे व्यवहार से दुनिया भर के कारोबारियों का भरोसा जीता है। एस्ट्रोलॉजी में भी असली जेम्स स्टोन का महत्व है। ऐसे में इनकी गुणवत्ता और विश्वसनीयता जरूरी है।