जयपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। गुरुवार को जेडीए के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट वर्क्स कमेटी (PWC) की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोपालपुरा अंडरपास निर्माण, सिविल लाइंस रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के नीचे स्पोर्ट्स एरिना विकसित करने, गांधीपथ पर फुटपाथ निर्माण, कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण और शहर की अलग - अलग सड़कों के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर फैसले लिए गए। बैठक में गोपालपुरा अंडरपास के निर्माण के लिए 47.87 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई। यह अंडरपास त्रिवेणी आरओबी की तरफ से भास्कर पुलिया तक बनाया जाएगा। वहीं, सिविल लाइंस आरओबी के नीचे 4.25 करोड़ रुपए की लागत से स्पोर्ट्स एरिना विकसित किया जाएगा। कालवाड़ रोड पर खर्च होंगे 42.39 करोड़ रुपए जेडीए की बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों के विकास और चौड़ीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। सी-जोन बाईपास से विनायक होटल तक कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण और सुधार कार्य के लिए करीब 42.39 करोड़ रुपए का प्रस्ताव शामिल किया गया। इसके साथ ही 200 फीट बाईपास से खातीपुरा आरओबी तक रेलवे लाइन के साथ-साथ खिरणी आरओबी तक सड़क के नवीनीकरण के लिए करीब 6.83 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया। वैशाली नगर स्थित प्रिंस रोड पर नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और नवीनीकरण के कार्य के लिए करीब 6.14 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में शामिल रहा। इसके साथ ही जोन-7 क्षेत्र में गांधीपथ पर फुटपाथ निर्माण के लिए 6.94 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई। सेक्टर रोड की बिजली लाइनें होंगी शिफ्ट जेडीए क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यो को गति देने के लिए बिजली की उच्च और निम्न दाब लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग और डिस्मेंटलिंग के लिए वार्षिक दर अनुबंध (ARC) के तहत 6.64 करोड़ रुपए की स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव शामिल किया गया। वहीं, जोन-9 में गोनेर-जगतपुरा पुलिया से खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक 100 फीट सेक्टर रोड और एनआरआई सर्किल से वीआईटी रोड होते हुए दांतली रोड तक 160 फीट सेक्टर रोड के चौड़ीकरण के दौरान बाधा बन रही बिजली की एचटी-एलटी केबल, स्ट्रीट लाइट से संबंधित यूटिलिटी और ट्रांसफॉर्मरों को शिफ्ट करने और हटाने के लिए 10.68 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई। जेडीए भवन में फायर अलार्म सिस्टम का होगा नया बैठक में जेडीए भवन की अग्निशमन और फायर अलार्म प्रणाली के नवीनीकरण के लिए करीब 2.92 करोड़ रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति भी दी गई। बैठक में सड़क विकास, यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा, विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग और स्मार्ट सिटी परियोजना के संचालन एवं संधारण सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जेडीए सचिव डॉ. गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, निदेशक अभियांत्रिकी देवेंद्र गुप्ता, अजय गर्ग और संजीव जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।