जयपुर में दिन-दहाड़े एक कंपनी के बाहर खड़ी लोडिंग गाड़ी चोरी का मामला सामने आया है। वाहन ड्राइवर ने आटे के कट्टे भरकर उसे कंपनी के सामने खड़ा किया था। गाड़ी का लॉक तोड़कर बदमाश कुछ सेकेंड में चोरी कर ले गए। शिप्रापथ थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। ASI लालाराम ने बताया- सांगानेर के खुशी नगर निवासी पंकज कुमार (35) ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया- वह मानसरोवर के रिको इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित कन्हैया एंड कंपनी में लोडिंग वाहन चलाता है। दूसरी गाड़ी से बगरू चला गया पीड़ित 23 अक्टूबर को सुबह पंकज ने लोडिंग गाड़ी (टाटा मेगा) में आटे के कट्‌टे भरकर कंपनी के सामने खड़ा किया था। सुबह करीब 8 बजे कंपनी के बाहर लोडिंग गाड़ी को खड़ा कर किसी काम से दूसरी गाड़ी लेकर बगरू चला गया। पीछे से बदमाशों ने दिन-दहाड़े चोरी की नीयत के चलते लोडिंग गाड़ी को निशाना बनाया। दोपहर में लौटने पर गायब मिली गाड़ी बदमाश लॉक तोड़कर आटे के कट्टे से भरी लोडिंग गाड़ी को चोरी कर ले गए। दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटने पर गाड़ी गायब मिली। कंपनी के बाहर लगे CCTV फुटेजों को खंगालने पर चोरों की करतूत कैद मिली। शिप्रापथ थाने में पीड़ित ने फुटेज के आधार पर शनिवार शाम रिपोर्ट दर्ज करवाई।