जयपुर में नगर निगम अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अगुवाई में 18 अप्रैल को सफाई सेवा मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर के सभी 13 जोन और 150 वार्डों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक एक साथ व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि इस दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह फील्ड में रहकर काम करेंगे। नगर निगम मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए आयुक्त ओम कसेरा ने बताया- पहली बार पूरे शहर में एक साथ इस स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जयपुर में रोजाना 2000 से 3000 टन कचरा उठाया जाता है, लेकिन इस विशेष अभियान के दौरान यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। अतिरिक्त मैनपावर और संसाधनों के जरिए शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। एनजीओ और संस्थान भी भागीदारी निभाएंगे इस महाअभियान में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ-साथ कई एनजीओ और अलग - अलग संस्थान भी भागीदारी निभाएंगे। ओपन डिपो खत्म करेंगे अभियान के दौरान शहर में रूटीन सफाई के साथ विशेष सफाई कार्य किए जाएंगे। वहीं, ओपन डिपो को खत्म करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और संसाधनों का इस्तेमाल भी शुरू किया जाएगा। शुरुआती तौर पर इसे कुछ क्षेत्रों में लागू किया जाएगा, सफल रहने पर पूरे शहर में विस्तार किया जाएगा। 11 हजार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी इस अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए स्वच्छता निरीक्षकों (CSI) की रैंकिंग भी तय की जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान पर आने वाले CSI को 21 हजार रुपए, उनकी टीम के SI को 11 हजार रुपए और जमादारों को 1100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को क्रमशः 11 हजार और 5100 रुपए तक का इनाम मिलेगा। यह राशि CSR के तहत राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को स्वच्छता हीरो और स्टार ऑफ नगर निगम के रूप में सम्मानित किया जाएगा। उनकी तस्वीरें एक महीने तक निगम मुख्यालय में प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिल सके। कसेरा ने विश्वास जताया कि यह पहल शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगी और जयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले सके। कसेरा ने कहा- हम चाहते हैं कि कल जयपुर शहर में एक दिन का सबसे ज्यादा कचरा उठाने का एक नया रिकॉर्ड नगर निगम की टीम मिलकर बनाए। यह हमारा लक्ष्य है। ये भी पढ़ें… जयपुर- रात 11:30 बजे सड़कों पर निकले कमिश्नर, कचरा उठाया:10KM पैदल निरीक्षण किया, गंदगी देख भड़के; जुर्माना वसूलने के आदेश दिए जयपुर…अक्सर रात को यहां की सड़कों पर सन्नाटा होता है, लेकिन शुक्रवार रात अलग थी। न कोई वीआईपी मूवमेंट था, न कोई सेलिब्रेशन। फिर भी नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा आधी रात सड़कों पर पैदल घूम रहे थे। (पूरी खबर पढ़ें)