जयपुर में OLX प्लेटफॉर्म के जरिए असली कंपनी के ब्लूटूथ वाले हेलमेट दिखाकर नकली हेलमेट बेचने का मामला सामने आया है। आरोपी कंपनी का असली हेलमेट निकालकर नकली हेलमेट बॉक्स में डालकर ग्राहकों को बेचते थे। इसके बाद असली हेलमेट OLX के जरिए सस्ती कीमत में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेडफॉक्स कंपनी के करीब 200 ब्लूटबथ वाले अस ज्योति नगर थाना पुलिस ने हेडफॉक्स कंपनी के साथ धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंपनी के 200 से अधिक ब्लूटूथ हेलमेट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। आरोपी कंपनी के असली हेलमेट की जगह दूसरी कंपनी के सस्ते हेलमेट ग्राहकों को भेजकर धोखाधड़ी कर रहे थे। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि हेडफॉक्स इनोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि शुभम चौहान ने 19 अक्टूबर को ज्योति नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। कंपनी हेडफॉक्स ब्रांड के ब्लूटूथ हेलमेट बनाती है। एक हेलमेट की बाजार कीमत करीब 4 हजार रुपए है। कंपनी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए अपने प्रोडक्ट बेचती है। रिटर्न के जरिए सामने आया धोखाधड़ी का खेल कंपनी ने पुलिस को शिकायत दी कि जनवरी से ग्राहकों की ओर से बड़ी संख्या में हेलमेट और अन्य प्रोडेक्टस को लेकर शिकायतें मिलने लगीं। कई ग्राहकों ने गलत हेलमेट मिलने या बॉक्स में हेलमेट नहीं होने की बात कहकर सामान लौटाया। इससे कंपनी को लाखों रुपए के हेलमेट गायब होने और धोखाधड़ी की आशंका हुई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। OLX पर सस्ते हेलमेट बेचने का विज्ञापन दिया ज्योति नगर थाना प्रभारी गुंजन सोनी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सुरेंद्र कुमार नागर ने OLX पर हेडफॉक्स कंपनी के हेलमेट बाजार मूल्य से कम कीमत पर बेचने का विज्ञापन दिया था। पुलिस ने सुरेंद्र को पकड़कर पूछताछ की तो ई-कॉमर्स कंपनी में काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आई। आरोप है कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचे जाने वाले हेडफॉक्स के असली हेलमेट निकाल लिए जाते थे। उनकी जगह दूसरी कंपनी के कम कीमत वाले हेलमेट ग्राहकों को भेज दिए जाते थे। ग्राहक जब गलत उत्पाद मिलने की शिकायत के साथ सामान लौटाते, तो हेडफॉक्स कंपनी को नुकसान होता था। वहीं, असली हेलमेट दूसरे ग्राहकों को कम कीमत पर बेच दिए जाते थे। 200 से ज्यादा हेलमेट मिले पुलिस ने इस मामले में सुरेंद्र कुमार नागर (24) निवासी मूल रूप से ढोढसर, जयपुर ग्रामीण, हाल सूर्य नगर, मुरलीपुरा और सुशील कुमार बुराड़िया (27) निवासी सीकर, हाल गणेश नगर-2, न्यू करणी कॉलोनी, हरमाड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 200 से अधिक हेडफॉक्स हेलमेट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।