पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग गुरुवार को होगी। जयपुर में जिला परिषद के कुल 22 वार्डों में और 8 पंचायत समितियों के सभी 146 वार्डों के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटिंग के लिए बुधवार को भवानी निकेतन परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निर्देशन में भवानी निकेतन स्थित फार्मेसी कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। वोटिंग गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू होगी, जो देर शाम 6 बजे तक चलेगी। वहीं जयपुर जिला परिषद के कुल 22 वार्डों के लिए गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। इसमें वार्ड संख्या 1 से 10 और वार्ड संख्या 15 से 26 शामिल है। जबकि पंचायत समिति गोविंदगढ़, चौमूं, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, झोटवाड़ा, सांभरलेक, दूदू और मौजमाबाद के सभी वार्डों के लिए वोटिंग होगी। एक साथ डाले जाएंगे दो वोट पोलिंग बूथ पर पहुंचने वाले मतदाता को एक साथ दो वोट डालने का मौका मिलेगा। पहला वोट जिला परिषद के वार्ड सदस्य के लिए, जबकि दूसरा वोट पंचायत समिति वार्ड सदस्य के लिए। इसके लिए दो अलग-अलग ईवीएम मशीनें रखी जाएंगी। वोटर दोनों ईवीएम पर एक-एक बार वोट डालने के लिए बटन दबाएगा। 797 मतदान केंद्र बनाए 8 पंचायत समितियों में 146 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव होंगे। इसके लिए इन पंचायत समितियों में कुल 797 पोलिंग स्टेशन (मतदान केन्द्र) बनाए गए हैं। सरपंच और वार्ड पंच के लिए 24 अक्टूबर को वोटिंग इन्हीं 8 पंचायत समितियों में आने वाली ग्राम पंचायतों के वार्ड पंच और सरपंच के लिए 24 अक्टूबर को ​चुनाव प्रक्रिया की जाएगी। 23 अक्टूबर को वार्ड पंच और सरपंच के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और देर शाम तक चुनाव लड़ने वालों की फाइनल सूची जारी की जाएगी। जबकि 24 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। वोटिंग के बाद काउंटिंग शुरू करके देर रात परिणाम घोषित किए जांएगे।