जयपुर में 30 सितंबर की रात लूट के इरादे से युवक पर जानलेवा हमला के तीन इनामी बदमाशों को मालवीय नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बाइक से घर लौट रहे युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया था। इसके बाद डंडों और सरियों से मारपीट कर उसका बैग लूटकर फरार हो गए थे। हमले में युवक गंभीर घायल हो गया था। उसके एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ, जबकि एक आंख की रोशनी भी चली गई। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया- पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर की मदद से मामले का खुलासा किया। आधी रात को बाइक सवार युवक पर किया हमला सांगानेर के प्रताप नगर निवासी राहुल अरोड़ा ने 1 अक्टूबर को मालवीय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया था कि मेरा भाई सचिन अरोड़ा 30 सितंबर की रात करीब 12 बजे ऑफिस की क्लोजिंग के बाद मोटरसाइकिल से जगतपुरा स्थित घर जा रहा था। इसी दौरान प्रधान मार्ग पर बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद लूट के इरादे से करीब पांच लोगों ने डंडों और सरियों से उस पर हमला कर दिया। गंभीर घायल सचिन का बैग लूटकर आरोपी फरार हो गए थे। बैग में मोबाइल फोन और नकदी रखी हुई थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तीनों आरोपियों पर था पांच-पांच हजार का इनाम पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस उपायुक्त ने हर आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार आरोपी मुबारक अली (19) निवासी श्रीरामपुरी कॉलोनी झोटवाड़ा, नितिन कुमार उर्फ छोटू (21) निवासी श्याम वाटिका बिंदायका और कुलदीप मीना उर्फ गोलू (23) निवासी हसनपुरा-ए हैं। थानाधिकारी गौरव प्रधान, एएसआई गंगासहाय तथा कांस्टेबल हरिओम, पुखराज, ओमप्रकाश और रामरतन कार्रवाई में शामिल रहे।