दिवाली और धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्के खरीदने वाले ग्राहकों के लिए सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी (एसटीसी) ने इस साल भी सिक्के जारी किए हैं। यह सिक्के गोल, चौकोर और नोट के आकार में मिलेंगे। महापौर सुनील कोठारी ने एसटीसी की मुहर वाले सिक्के लॉन्च किए। सोने में 99.50 प्रतिशत और चांदी के सिक्कों में 999 शुद्धता की गारंटी कमेटी की ओर से सोने के सिक्कों में 99.50 प्रतिशत और चांदी के सिक्कों में 999 शुद्धता की गारंटी दी जा रही है। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी 18 साल से ग्राहकों को मिलावटी और नकली सिक्कों से बचाने के लिए यह मुहिम चला रही है। इस बार सोने के सिक्के 1 से 100 ग्राम और चांदी के सिक्के 5 ग्राम से 1 किलो तक के वजन में उपलब्ध कराए गए हैं। ये सिक्के जयपुर संभाग के सभी ज्वैलर्स की दुकानों पर मिलेंगे। ग्राहकों को खर्च की गई राशि का पूरा मूल्य मिलना चाहिए महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि दिवाली पर सोने-चांदी के सिक्के और आभूषण खरीदने की परंपरा है। ग्राहकों को सिक्के खरीदने पर खर्च की गई राशि का पूरा मूल्य मिलना चाहिए। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी असली सोने-चांदी के सिक्के उपलब्ध कराने के लिए सराहनीय प्रयास कर रही है। 18 साल पहले शुरू की थी मुहिम सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि 18 साल पहले दिवाली और धनतेरस पर बिकने वाले मिलावटी और नकली सोने-चांदी के सिक्कों से ग्राहकों को बचाने के लिए यह मुहिम शुरू की गई थी। कमेटी की विश्वसनीयता के कारण एसटीसी की मुहर वाले सिक्के लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं। अब ग्राहकों को दिवाली पर इन सिक्कों का इंतजार रहता है। गोल, चौकोर, ओवल और नोट के आकार में सिक्के कमेटी के महासचिव मातादीन सोनी ने बताया कि इस बार सिक्कों को और आकर्षक बनाया गया है। सोने के सिक्के 1, 2, 4, 5, 8, 10, 20, 50 और 100 ग्राम वजन में गोल और चौकोर आकार में उपलब्ध हैं। वहीं, चांदी के सिक्के 5, 10, 20, 50, 100, 250 और 500 ग्राम के अलावा 1 किलो वजन में भी मिलेंगे। इन्हें गोल, चौकोर, ओवल और नोट के आकार में तैयार किया गया है। ग्राहक जयपुर संभाग के सभी ज्वैलर्स की दुकानों से इन्हें खरीद सकते हैं।