जयपुर के श्याम नगर स्थित द ट्री हाउस स्कूल के बंद होने की चर्चा पर आज अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। पेरेंट्स ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। अभिभावकों का आरोप है कि नया सेशन शुरू हो गया है। बच्चों की फीस भी जमा करा दी है। ऐसे में अचानक स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ेगा। वहीं स्कूल प्रबंधन स्कूल बंद होने की बात से इनकार कर रहा है लेकिन लिखित में इसका स्पष्टीकरण नहीं दे रहा। ऐसे में पेरेंट्स में बच्चों के भविष्य के लिए डर है। बता दें कि स्कूल CBSE दसवीं तक का है। वर्तमान में स्कूल में 180 बच्चे पढ़ रहे हैं। 45 बच्चों का राइट-टू-एजुकेशन पॉलिसी के तहत एडमिशन है। अभिभावकों में गुस्सा, पढ़िए-क्या बोले अभिभावकों ने कहा कि पहले स्कूल प्रबंधन ने बोरिंग और निर्माण कार्य के नाम पर एक दिन के लिए बंद रखने की सूचना दी थी। वहीं मंगलवर रात स्कूल को स्थाई रूप से बंद करने की सूचना मिली। अभिभावक तमन्ना ने बताया कि उनके बच्चे लंबे समय से इसी स्कूल में पढ़ रहे हैं। अचानक इस तरह का फैसला बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि नए सत्र के बीच में स्कूल बंद होने से अब बच्चों के एडमिशन और पढ़ाई को लेकर बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। वहीं, अभिभावक प्रीति कुमावत ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों को करीब 9 किलोमीटर दूर स्थित दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने का सुझाव दिया जा रहा है, जो उनके लिए व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी दूरी पर बच्चों को भेजना संभव नहीं है। इस स्थिति में वे बेहद असहाय महसूस कर रहे हैं। पेरेंट्स का कहना है कि अब तक न तो स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट स्थिति बताई है और न ही प्रशासन की ओर से कोई हस्तक्षेप हुआ है। प्रिंसिपल बोलीं- स्कूल बंद होने की बात गलत दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन ने स्कूल बंद होने की बात से इनकार किया है। स्कूल की प्रिंसिपल सरिता शर्मा ने कहा कि स्कूल को बंद नहीं किया जा रहा है। कुछ अभिभावकों की ओर से गलत जानकारी फैलाकर भ्रम पैदा किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्कूल का संचालन जारी रहेगा। हालांकि, विरोध कर रहे अभिभावक प्रबंधन के इस बयान से संतुष्ट नहीं हैं और वे लिखित में स्पष्ट आश्वासन की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।