जयपुर में सोमवार रात बाइक खड़ी करने की बात को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। जिसमें 3 लोग घायल हो गए। सिंधीकैम्प थाना पुलिस ने झगड़े में घायल तीन जनों को प्राथमिक उपचार के लिए SMS हॉस्पिटल भिजवाया। इस मामले में पुलिस ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया है वहीं अन्य संदिग्धों की पहचान के बाद संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। चाकूबाजी के साथ ही कांच की बोतलें फेंकी पुलिस ने बताया- सिंधीकैम्प इलाके में रात करीब 10 बजे झगड़ा हुआ। सिंधीकैंप बस स्टेंड के एक्जिट गेट पर बाइक खड़ी करने पर दो गुट आमने-सामने हो गए। कहासुनी के बाद झगड़ा बढ़ने पर दोनों गुटों ने चाकूबाजी के साथ ही कांच की बोतलों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। झगड़े की सूचना पर सिंधीकैम्प थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने झगड़े में दोनों गुटों के घायल हुए तीन जनों को इलाज के लिए तुरंत SMS हॉस्पिटल भिजवाया। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी और 3 अन्य संदिग्धों की पहचान हुई हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।