जयपुर में अत्याधुनिक इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी का आज लोकार्पण किया गया। स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने आज देर शाम जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) हॉस्पिटल में इसकी शुरूआत की। डॉक्टरों का दावा है कि ये देश का पहला अत्याधुनिक इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी है, जिसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया है। करीब 4.81 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस इंस्टीट्यूट को स्किन संबंधी बीमारियों और कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट के लिए सबसे आधुनिक केंद्र माना जा रहा है। चरक भवन की पहली मंजिल पर बने इस इंस्टीट्यूट में करीब 2 करोड़ रुपए के अत्याधुनिक उपकरण लगाए हैं, जिनके जरिए मरीजों को लेजर ट्रीटमेंट, पीआरपी थेरेपी, टैटू रिमूवल, पिगमेंटेशन, सफेद दाग, बाल झड़ना और मस्सों जैसी समस्याओं का उन्नत इलाज मिलेगा। स्किन विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक माथुर बताया- यहां मिलने वाला इलाज अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा और इसकी लागत अन्य देशों की तुलना में काफी कम रहेगी। इसी कारण भविष्य में देश-विदेश से बड़ी संख्या में मरीजों के यहां आने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी, प्रमुख शासन सचिव हेल्थ डिपार्टमेंट गायत्री राठौड़ समेत हॉस्पिटल के अन्य सीनियर डॉक्टर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।