जयपुर में सस्पेंड पुलिस कॉन्स्टेबल के किडनैपिंग का मामला सामने आया है। पिस्तौल लगाकर बदमाशों ने जबरन कार में बैठाकर उसका किडनैप किया। मारपीट कर 1.25 लाख रुपए लूटने के बाद उसे छोड़कर बदमाश फरार हो गए। रामनगरिया थाने में पीड़ित पुलिस कॉन्स्टेबल की पत्नी ने शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने बताया- रामनगरिया के जगतपुरा निवासी तरुण राज (32) का किडनैप हुआ था। वह राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर था। साल-2021 में जालोर में शराब तस्करों से मिलीभगत मामले में सस्पेंड चल रहा है। सोमवार रात वह अपनी पत्नी के साथ कार से मालवीय नगर में खाना खाने जाने के लिए निकला था। रात करीब 10 बजे जगतपुरा 7 नंबर चौराहा पर कार रोक कोई सामान लेने नीचे उतरा। इसी दौरान स्विफ्ट कार उसके पास आकर रुकी। कार में सवार तीन-चार बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उसे जबरन अंदर बैठा लिया। शोर-शराबा होने पर पत्नी ने कार के आगे खड़ा होकर बचाने की कोशिश भी की। किडनैपर्स जबरन कार में डालकर उसे उठा ले गए। चलती कार में मारपीट कर उसकी जेब में रखे करीब 40 हजार रुपए छीन लिए। ऑनलाइन स्क्रैनर पर 85 हजार रुपए ट्रांजेक्शन करवा लिया। करीब आधे घंटे इधर-उधर कार में डालकर घूमने के दौरान उसे छोड़कर फरार हो गए। जांच अधिकारी गजानंद मीना का कहना है कि पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में मामला आपसी लेन-देन का होना पता चला है। मामले की जांच की जा रही है।