जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के डिग्गी-मालपुरा रोड पर रातल्या गांव का है। इस गांव के गुरु महाराज मंदिर में 8 दिन पहले चोरी हो गई थी लेकिन अब तक आरोपियों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में एकत्रित होकर विरोध-प्रदर्शन किया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर मुहाने थाने का घेराव कर जनआंदोलन की चेतावनी दी। सीसीटीवी में चोर दिखे, फिर भी गिरफ्तार नहीं ग्रामीणों का कहना है कि 23 जून को दोपहर करीब 2:30 बजे दो अज्ञात बदमाश गुरु महाराज मंदिर परिसर में घुसे और भगवान के आगे सिर झुकाकर मत्था टेका। इसके बाद मंदिर से चार पीतल की घंटियां, झालर, बिजली कनेक्शन की केबल और ट्यूबवेल की केबल चोरी कर ले गए। घटना के बाद दोनों आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर भाग गए थे। ग्रामीणों का दावा है कि चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे और उनकी गाड़ी का नंबर भी दिखाई दे रहा है। इसके बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने सख्ती दिखाई होती तो अब तक आरोपियों तक पहुंचा जा सकता था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने जल्द खुलासे का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक न तो चोरी गया सामान बरामद हुआ है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। इससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। थाने के घेराव की दी चेतावनी मंदिर के महंत मोरदास बाबा ने मुहाना थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की वारदात हो चुकी है। उन्होंने पुलिस से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक करण सिंह को सौंपी है। विरोध-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र है। ऐसे स्थान पर चोरी होना और उसके बाद भी आरोपियों का गिरफ्त से बाहर रहना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे मुहाना थाने का घेराव करेंगे और बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।