जयपुर के बाजार में कबाड़ बीनने की आड़ में बंद दुकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने का मामला सामने आया है। माणक चौक थाना पुलिस ने गोपाल जी का रास्ता स्थित रोडियम पॉलिश की दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोपी कबाड़ी संजय महरचन्दानी को भी पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान संजय की जनता मार्केट, त्रिपोलिया बाजार स्थित दुकान नंबर 142बी को सील कर दिया गया। रविवार की छुट्टी में दुकान को बनाया निशाना डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि, 20 जून को दुकान संचालक ने माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। गोपाल जी का रास्ता स्थित रजत रोडियम नामक दुकान में रोडियम पॉलिश का काम होता है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर संचालक घर चला गया था। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दुकान बंद थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचने पर चोरी का पता चला। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने रविवार शाम करीब 5:20 से 5:37 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दुकान के पीछे की खिड़की की जाली तोड़कर अंदर घुसे और ग्राहकों का करीब 6 से 7 किलो चांदी का सामान और 25 से 30 किलो तांबे के तार चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिला सुराग वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर तलाश शुरू की गई। इसके बाद पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी मोहम्मद मोसिन उर्फ लूंगी को गिरफ्तार किया। चोरी का माल खरीदने के आरोप में कबाड़ी संजय महरचन्दानी को भी गिरफ्तार किया गया। हफ्तों तक करते थे रेकी, फिर मौका देखकर चोरी पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद मोसिन अपने साथी अशरफ के साथ कबाड़ खरीदने-बेचने का काम करता था। इसी आड़ में आरोपी बाजारों में घूमकर दुकानों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। वे बंद दुकानों और सूने मकानों की रेकी करते और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने दुकान बंद रहने और रविवार को बाजार में अपेक्षाकृत कम आवाजाही का फायदा उठाया। चोरी के बाद माल कबाड़ियों को बेच दिया जाता था, ताकि पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में परेशानी हो। मामले में अशरफ की भूमिका और अन्य संभावित वारदातों को लेकर भी जांच की जा रही है।