प्रदेश अप्रैल में ही भट्टी सा तपने लगा है। हीटवेव के असर से दिन और रात दोनों का तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। बीते 24 घंटे में सभी शहरों में दिन-रात का पारा सामान्य से 3 से 9 डिग्री तक ज्यादा रहा। सोमवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह जैसलमेर में 10 साल में अप्रैल का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी का असर इतना तेज है कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण कहीं-कहीं आंधी और बूंदाबांदी के बावजूद राहत नहीं मिल रही। बाड़मेर में पारा 46.0 डिग्री, कोटा में 45.7, फलोदी और चित्तौड़गढ़ में 45.4, चूरू में 45.3 और बीकानेर में 45.0 डिग्री तक पहुंच गया। यानी प्रदेश के कई शहरों में अप्रैल में ही मई-जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। दिन की हीटवेव के साथ रात की गर्मी भी बेचैन कर रही है। 9 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे भी हीटवेव; आंधी-बारिश का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार राज्य में हीटवेव का दौर अगले 24 घंटे जारी रहेगा। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके असर से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट का अनुमान है।