बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) के चुनाव को लेकर बुधवार को स्वर्ण नगरी के अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। जैसलमेर जिला मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से ही मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो शाम 5 बजे तक निरंतर जारी रहेगी। इस बार चुनाव में जैसलमेर के कुल 237 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव अधिकारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला मुख्यालय पर 1 मुख्य बूथ केंद्र बनाया गया है, जहां 4 अलग-अलग टेबल लगाई गई हैं ताकि मतदाताओं को कतारों में अधिक समय न बिताना पड़े। सुचारू व्यवस्था के लिए 4 टेबल और 1 बूथ, प्रशासनिक अमला तैनात प्रशासन की ओर से इस पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की जिम्मेदारी एसडीएम सक्षम गोयल को सौंपी गई है, जिन्हें चुनाव प्रभारी बनाया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी, सत्र न्यायाधीश कार्यालय का स्टाफ और अभिभाषक परिषद के सदस्य मुस्तैद हैं। प्रदेश स्तर पर रोचक मुकाबला गौरतलब है कि इस बार प्रदेश स्तर पर बार काउंसिल की 25 सीटों (23 निर्वाचित और 2 मनोनीत) के लिए मतदान हो रहा है। पूरे राजस्थान में कुल 84,293 अधिवक्ता वोट डाल रहे हैं। इस चुनाव की सबसे बड़ी खासियत महिलाओं के लिए आरक्षित 5 सीटें हैं, जिसके कारण इस बार महिला उम्मीदवारों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। शाम 5 बजे मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच बार काउंसिल मुख्यालय भेजा जाएगा। चुनाव अधिकारी पृथ्वी सिंह ने बताया- "मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रशासन और न्यायिक स्टाफ के सहयोग से हम निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कर रहे हैं।" स्थानीय अधिवक्ताओं के अनुसार, इस बार का चुनाव बार काउंसिल में नए चेहरों और महिला प्रतिनिधित्व को लेकर काफी चर्चा में है।