भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा पाकिस्तान का समर्थन करने वाले कथित बयान के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में शनिवार को स्थानीय हनुमान चौराहा स्थित गांधी दर्शन के आगे विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। इस कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष उम्मेद सिंह तंवर, पार्षद साजिद खान सहित कई प्रमुख कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए भाजपा के इस रुख पर कड़ा रोष जताया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ उग्र रोष प्रकट किया। मदन राठौड़ के बयान की हर तरफ थू-थू हो रही प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने तीखा हमला बोला और कहा कि ऐसे बयानों के बाद हर तरफ मदन राठौड़ की थू-थू हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह पाकिस्तान के समर्थन में बयान देना देश के साथ सीधा धोखा और गद्दारी है। आज पूरा देश पाकिस्तान की कायराना आतंकी हरकतों से बुरी तरह परेशान और पीड़ित है, और ऐसे समय में सत्ताधारी दल के जिम्मेदार नेताओं द्वारा पाकिस्तान के पक्ष में इस प्रकार के बयान देना सीधे तौर पर भारत के आम नागरिकों और देशवासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना है। जिलाध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी और देश का हर सच्चा नागरिक इस तरह के देशविरोधी बयानों का पुरजोर विरोध करता है और भविष्य में भी ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा नेतृत्व पर कड़े सवाल उठाए विरोध प्रदर्शन स्थल पर मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी भाजपा नेतृत्व पर कड़े सवाल उठाए। पूर्व जिलाध्यक्ष उम्मेद सिंह तंवर ने कहा कि देश की अखंडता और संप्रभुता के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी नेता को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे देश की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल हो रही है। पार्षद साजिद खान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का समर्थन करने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।