जैसलमेर में माप-तौल विभाग की टीम ने धर्मकांटों पर रेड की। फसल कटाई और आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए उपभोक्ताओं के साथ होने वाली धोखाधड़ी और गलत तौल को रोकने के लिए जिलेभर में 21 से 23 अक्टूबर तक यह विशेष निरीक्षण अभियान चला। विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 और पैकेज्ड कमोडिटी रूल्स 2011 के तहत टीम ने शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण किया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी गौरव गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान न्यू रीको कॉलोनी स्थित जैसल भाटी धर्म कांटा और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भाटी कंप्यूटराइज्ड धर्म कांटे की बारीकी से जांच की गई। गनीमत रही कि इन दोनों प्रतिष्ठानों पर तौल के उपकरण और उनका परिचालन पूरी तरह से नियमों के अनुरूप पाया गया। दुकानदारों ने राहत की सांस ली। उपभोक्ताओं और व्यापारियों के लिए विभाग की सख्त चेतावनी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना और उन्हें हर खरीदारी पर सही माप-तौल उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही, व्यापारियों को भी सख्त हिदायत दी जा रही है कि वे सामानों की बिक्री केवल तयशुदा एमआरपी (MRP) पर ही करें। यदि जांच के दौरान कोई भी व्यापारी नियमों के विरुद्ध काम करता पाया गया, तो उसके खिलाफ विधिक माप विज्ञान अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगामी दिनों में भी जारी रहेगा ताबड़तोड़ निरीक्षण माप-तौल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन की भारी मांग को ध्यान में रखते हुए यह अभियान सिर्फ यहीं नहीं रुकेगा। अगले सप्ताह भी जैसलमेर जिले के सभी छोटे और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, किराना स्टोर, अनाज मंडियों और तौल केंद्रों की इसी तरह औचक जांच की जाएगी। विभाग की इस लगातार सख्ती से मिलावटखोरों और कम तौलने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने इस प्रशासनिक कदम का स्वागत किया है।