आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत बुधवार को स्वास्थ्य भवन परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नीति आयोग के फंड से खरीदी गई 50 इलेक्ट्रिक (ईवी) स्कूटी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) को बांटी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी थे, जबकि अध्यक्षता जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने की। विधायक छोटू सिंह भाटी ने कहा कि जैसलमेर की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में एएनएम को फील्ड में जाने में काफी परेशानी होती थी। अब इन ई-स्कूटी के माध्यम से वे दूरदराज के क्षेत्रों में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों को लगातार जागरूक करें कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने जोर दिया कि चिकित्सा विभाग की योजनाओं का लाभ गांव के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। कलेक्टर ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रही भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए ग्रामीणों को लगातार जागरूक करें। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 साल की किशोरियों का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करें। सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का गांव स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करें। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने कार्यक्रम में मौजूद सभी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने कार्यक्षेत्र में स्वास्थ्य के आंकड़ों (सूचकांकों) को सुधारने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना फर्ज निभाएं। हरी झंडी दिखाकर किया रवाना सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल ने स्कूटी वितरण की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इसके बाद अतिथियों ने सभी एएनएम को हेलमेट सौंपे और हरी झंडी दिखाकर स्कूटी को रवाना किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ रश्मि रानी, एसडीएम सक्षम गोयल, डॉ. एम.डी. सोनी, विजय सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा, समाजसेवी अरुण कुमार पुरोहित सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।