नगर परिषद जैसलमेर एक बार फिर शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा बुलडोजर एक्शन लेने की तैयारी में है। बुधवार को परिषद की टीम ने तोता राम की ढाणी के पास, होटल कॉम्प्लेक्स और बब्बर मगरा के पीछे स्थित बस्तियों में पहुंचकर अवैध निर्माणों पर लाल निशान लगाने की कार्रवाई की। 3 दिन का अल्टीमेटम नगर परिषद के राजस्व अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि इस बेशकीमती सरकारी जमीन पर परिषद की महत्वाकांक्षी 'बृजराज सिंह कॉलोनी' प्रस्तावित है, जिस पर लोगों ने अवैध रूप से कच्चे-पक्के कब्जे कर रखे हैं। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए 3 दिन का अंतिम अल्टीमेटम दिया है कि वे अपना अवैध निर्माण खुद ही हटा लें, अन्यथा परिषद इन्हें ध्वस्त कर देगी। दोबारा चिह्नित किए अवैध निर्माण नगर परिषद ने हाल ही में इस इलाके से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की थी। उस दौरान स्थानीय निवासियों द्वारा परिषद की टीम का भारी विरोध भी किया गया था और मामला काफी गरमा गया था। लेकिन, सरकारी जमीन को भू-माफियाओं और अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए प्रशासन एक बार फिर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। विरोध की आशंका को देखते हुए बुधवार को राजस्व अधिकारी पवन कुमार की अगुवाई में टीम ने मौके पर जाकर पूरी मुस्तैदी से लाल निशान लगाने का काम पूरा किया। खुद हटा लें कब्जा, वरना भुगतना होगा हर्जाना राजस्व अधिकारी पवन कुमार ने स्पष्ट किया कि चिह्नित किए गए सभी अतिक्रमण पूरी तरह अवैध हैं। परिषद ने तीन दिन की मोहलत इसलिए दी है ताकि लोग अपनी कीमती सामग्री और कच्चा-पक्का निर्माण खुद सुरक्षित हटा सकें। यदि तय समय सीमा के भीतर जगह खाली नहीं की गई, तो नगर परिषद की जेसीबी बिना किसी पूर्व सूचना के अवैध निर्माणों को ढहा देगी। इस दौरान होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी खुद अतिक्रमणकारियों की होगी और परिषद कार्रवाई का खर्च भी वसूल सकती है।