जैसलमेर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच-सरपंच पदों के चुनाव की लोकसूचना 31 अक्टूबर को जारी होगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा, जबकि पंच-सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम के साथ आचार संहिता लागू जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया - चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित पंचायतीराज क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। आचार संहिता लागू होने से पहले जिन विकास कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं या जो काम पहले से चल रहे हैं, वे प्रभावित नहीं होंगे। हालांकि, इस दौरान नई योजनाओं, नए विकास कार्यों और नए कार्यादेश जारी करने पर प्रतिबंध रहेगा। 4 नवंबर तक जमा होंगे नामांकन, 6 को नाम वापसी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र 4 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 5 नवंबर को सुबह 11 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तारीख 6 नवंबर है। इसी दिन नाम वापसी का समय पूरा होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। 14 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे जिला मुख्यालय पर शुरू होगी। 16 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए वोटिंग पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। उप सरपंच पद के लिए 17 नवंबर को चुनाव होगा। 25 से 28 नवंबर तक जिला प्रमुख से उप प्रधान के चुनाव जिला प्रमुख के लिए 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख के लिए 26 नवंबर, प्रधान के लिए 27 नवंबर और उप प्रधान के लिए 28 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इन पदों के लिए भी मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना होगी। मतदान केंद्रों के पास बनेंगे मतदाता सहायता केंद्र मतदान के दिन मतदान भवन के पास मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां तैनात कार्मिक मतदाताओं को मतदाता सूची में उनका क्रमांक और संबंधित बूथ की जानकारी देंगे। नए परिसीमन के कारण वार्डों की सीमाओं और मतदान केंद्रों में बदलाव संभव है। शिकायतों के लिए 24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम चुनाव से जुड़ी शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के लिए आयोग, जिला और पंचायत स्तर पर 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे और जरूरत के अनुसार दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सहयोग की अपील जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों, मतदाताओं और मीडिया से शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है।