जैसलमेर जिले में रविवार रात हुई तेज बारिश से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को राहत मिली है। बारिश के कारण दिन का पारा 3 डिग्री और रात का तापमान 5 डिग्री तक लुढ़क गया। सीजन में पहली बार जुलाई में रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम यानी 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही, जिससे दोपहर में उमस ने परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में मानसून रफ्तार पकड़ रहा है। विभाग ने आगामी 8 और 9 जुलाई को जिले में वज्रपात, मेघगर्जन और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पहली बार जुलाई में रातें ठंडी हुई रेगिस्तानी जिले जैसलमेर में आमतौर पर जुलाई के महीने में रातें भी काफी गर्म होती हैं, लेकिन इस बार मौसम के बदले रुख ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस सीजन में पहली बार जुलाई के शुरुआती हफ्ते में रात का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 24.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य तापमान से करीब 3 डिग्री कम है। शनिवार रात को हुई तेज बारिश का असर रविवार को साफ देखा गया, जहां दिन का अधिकतम तापमान भी गिरकर 39.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शनिवार के मुकाबले दिन के पारे में 3 डिग्री और रात के पारे में 5 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली है। आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के चलते पश्चिमी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब तेजी से रफ्तार पकड़ रही हैं। जैसलमेर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आगामी 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। मौसम केंद्र जयपुर ने 8 और 9 जुलाई को पूरे जैसलमेर जिले के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान क्षेत्र में न सिर्फ अच्छी बारिश होगी, बल्कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चलने की भी आशंका है। विभाग ने इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात (आकाशीय बिजली चमकने) की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए ग्रामीणों और ढाणियों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।