जैसलमेर शहर के किशनघाट रोड इलाके में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रात करीब आठ बजे दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। इस भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत दोनों को जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रेम कुमार (24) को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल गणपत (22) की हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि दोनों बाइक सवार ओवरटेक करने की होड़ में आपस में भिड़ गए थे। मृतक के शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। ओवरटेक की जल्दबाजी में भिड़ी बाइक्स शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों प्रेम अपनी बाइक पर किशनघाट से गफूर भट्टा की तरफ आ रहा था, वहीं गणपत शहर से किशनघाट जा रहा था। इस दौरान दोनों तरफ दो गाड़ियां चल रही थी। दोनों ही गाड़ियों को ओवरटेक करने की जल्दबाजी में दोनों की गाड़ियां आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रेम कुमार की मौके पर ही सांसें थम गईं। गंभीर घायल को जोधपुर रेफर किया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को जवाहिर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। कोतवाल ने बताया कि इस सड़क हादसे को लेकर फिलहाल परिजनों की तरफ से कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। पुलिस हॉस्पिटल पहुंचकर पूरे मामले की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय दोनों बाइकों की स्पीड कितनी थी और क्या वहां कोई अन्य वाहन भी इस हादसे की वजह बना था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस रास्ते पर ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके। लाइट फिटिंग का काम करता था प्रेम मृतक प्रेम फलोदी का रहने वाला था और जैसलमेर के गफूर भट्टा इलाके में अपने भाइयों के साथ रहता था। वो शहर में लाइट फिटिंग का काम करता था। हादसे की जानकारी के बाद उसके परिजन फलोदी से जैसलमेर पहुंचे हैं।