जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस 23 अक्टूबर को अपने नियमित रूट के बजाय लूनी, मारवाड़ जंक्शन और मेहसाणा होकर चलेगी। वापसी में यह ट्रेन मेहसाणा, मारवाड़ जंक्शन और लूनी के रास्ते जैसलमेर पहुंचेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में समदड़ी-लूनी रेलखंड पर दुदिया और दुंदाड़ा स्टेशन यार्ड में सबवे निर्माण और समदड़ी स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का काम चलने के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान दो अन्य ट्रेनें भी आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। समदड़ी से भगत की कोठी के बीच ट्रेन आंशिक रद्द रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी एक्सप्रेस समदड़ी से भगत की कोठी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर एक्सप्रेस भगत की कोठी से समदड़ी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। बदले रास्ते पर इन स्टेशनों पर ठहराव जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस के बदले रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबू रोड और पालनपुर स्टेशनों पर ठहराव तय किए गए हैं। इससे इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी। सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया - समदड़ी-लूनी रेलखंड पर सबवे और फुट ओवरब्रिज का निर्माण रेल सुरक्षा और आधुनिकीकरण के लिहाज से जरूरी है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल और ताजा स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी से बच सकें।