जोधपुर मंडल के लूनी-समदड़ी रेललाइन पर सतलाना स्टेशन के पास सब-वे और पुल निर्माण के चलते अक्टूबर के अंतिम दिनों में रेल यातायात प्रभावित रहेगा। लूनी-समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर पुल संख्या 4 के निर्माण कार्य के कारण दो ट्रेनें 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आंशिक रद्द रहेंगी। जबकि जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट ट्रेन तीन दिन 27, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को बदले हुए मार्ग से संचालित होगी। यात्रियों को सफर पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के रूट और ठहराव की जानकारी जांचने की सलाह दी जाती है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान रेल यातायात के सुरक्षित संचालन के लिए यह बदलाव किया गया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 14896 बाड़मेर-भगत की कोठी एक्सप्रेस समदड़ी से भगत की कोठी के बीच और ट्रेन संख्या 14893 भगत की कोठी-पालनपुर एक्सप्रेस भगत की कोठी से समदड़ी के बीच 27, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आंशिक रद्द रहेगी। जोधपुर मंडल ने गुरुवार को हासिल की 100% समयबद्धता उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने गुरुवार को शत प्रतिशत समयबद्धता हासिल की। इस दिन मंडल की सभी मेल,एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें निर्धारित समय पर संचालित हुईं। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने, आगे की यात्रा की योजना बनाने और जरूरी काम तय समय पर पूरे करने में सहूलियत मिली। यात्रियों को समय पर ट्रेन मिलना काफी महत्वपूर्ण जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि ट्रेनों का समय पर संचालन यात्रियों के लिए केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि उनकी यात्रा को अधिक भरोसेमंद बनाने का भी आधार है। समयबद्ध रेल सेवाओं से यात्रियों को स्टेशन पर अनावश्यक इंतजार की परेशानी से बचने और अपने समय का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलती है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और जरूरी काम से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए समय पर ट्रेन मिलना काफी महत्वपूर्ण है।