जैसलमेर के ऐतिहासिक गोपा चौक में सोनार किले से सटकर करीब 30 सालों से चल रही पुरानी सब्जी मंडी नगर परिषद ने स्थाई रूप से शिफ्ट कर दी है। शहर की यह मुख्य सब्जी मंडी अब मंगल सिंह पार्क के पास बन रही मंडी में संचालित होगी। यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज में शुमार सोनार किले की सुरक्षा के चलते यह कदम उठाया गया है। नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने बताया कि गोपा चौक में सब्जी मंडी के कारण न केवल गंदगी फैलती थी, बल्कि यहां आवारा पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता था। स्थानीय निवासियों के साथ-साथ यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी परेशानी होती थी। मंडी शिफ्ट होने के बाद अब इलाके में सफाई व्यवस्था बेहतर होगी। 30 सालों से था अवैध कब्जा, अतिक्रमियों को मिला नोटिस गोपा चौक की यह सब्जी मंडी यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल सोनार किले की दीवार से बिल्कुल सटकर चल रही थी। मंडी के कारण किले की सुंदरता और रख–रखाव पर खतरा बना हुआ था। नगर परिषद ने सभी सब्जी विक्रेताओं को पूर्व में ही नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए थे। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद, प्रशासन की देखरेख में सभी विक्रेताओं को मंगल सिंह पार्क के पास शिफ्ट किया गया है। नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढा ने कहा, ‘शिफ्टिंग का मुख्य उद्देश्य सोनार किले के एरिया को साफ–सुथरा बनाना है। मंडी हटने से अब मुख्य प्रवेश द्वार सुंदर नजर आएगा। साथ ही, चौक में लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।’ दुकानदारों ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया मंडी को शिफ्ट किए जाने पर सब्जी विक्रेताओं ने भी मिली-जुली लेकिन सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। कुछ सब्जी विक्रेता इस बदलाव से खुश हैं क्योंकि उन्हें अब मंगल सिंह पार्क के पास एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया गया है। नए स्थान पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की भी योजना है।