जैसलमेर में शुक्रवार सुबह से आसमान में काले बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। इससे एक दिन पहले गुरुवार को जैसलमेर 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजस्थान का दूसरा सबसे गर्म शहर दर्ज हुआ था। अक्टूबर के मध्य में भी तेज धूप के कारण लोग परेशान थे। लंबे समय से बारिश नहीं होने से खेतों की नमी खत्म हो रही थी और कृषि कार्यों पर भी असर पड़ रहा था। अक्टूबर में भी गर्मी का असर, पारा 39 डिग्री पार जैसलमेर में अक्टूबर का आधा महीना बीतने के बाद भी गर्मी का असर कम नहीं हो रहा था। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर के समय तेज धूप के कारण सड़कें और मुख्य बाजार वीरान नजर आ रहे थे। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे थे। खेतों की नमी खत्म, खेती-किसानी पर असर लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण जमीन की नमी कम हो गई थी। इससे इलाके के किसानों की चिंता बढ़ रही थी। खेतों में बची नमी सूखने से कृषि कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। इसका असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिल रहा था। शुक्रवार को मौसम ने ली करवट, ठंडी हवाओं से राहत शुक्रवार सुबह से ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। इससे तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट महसूस की गई।