जैसलमेर में मंगलवार अलसुबह चांधन समेत कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ। मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे अगले 24 घंटों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। इससे पहले सोमवार रात करीब 9:40 बजे शहर में तेज बौछारों के साथ बारिश शुरू हुई, जो लगभग 15 मिनट तक चली। तेज बारिश के चलते शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा। ग्रामीण इलाकों में भी कहीं तेज गर्जना के साथ बारिश हुई तो कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। दिनभर बादल और तेज हवा, शाम को बदला मौसम सोमवार सुबह से ही शहर में बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर होते-होते हवाओं की रफ्तार बढ़ी और धूलभरी आंधी जैसा माहौल बन गया। शाम ढलते ही मौसम ने करवट ली और रात में बारिश शुरू हो गई। बारिश से गिरा तापमान, ठंडक बढ़ी तेज हवाओं और बारिश के कारण जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दिनों बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को राहत मिली। किसानों के लिए बढ़ी चिंता मौसम में आए बदलाव को देखते हुए कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने किसानों को कटी फसलों को तिरपाल से ढकने और सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है, ताकि पानी भराव से नुकसान न हो। जीरा-ईसबगोल और गेहूं की फसल पर खतरा इस समय खेतों में जीरा, ईसबगोल और गेहूं की फसलें तैयार या कटाई के दौर में हैं। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश या ओलावृष्टि होने पर जीरा और ईसबगोल की फसल को भारी नुकसान हो सकता है, जबकि गेहूं की फसल में दाने झड़ने और फसल गिरने का खतरा बना हुआ है।