टोंक| केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का उच्च स्तरीय दल शनिवार को बीसलपुर परियोजना के राजमहल क्लस्टर पहुंचा और वहां के कार्य की जानकारी ली। दल यहां भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एमसीएडी योजनांतर्गत में करवाए जाने वाले कार्यों की प्रगति जांचने आया था। दल में केन्द्रीय जल आयोग के निदेशक अभिषेक गुप्ता व उप निदेशक राकेश गुप्ता, केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव व मुख्य अभियंता योगेश पैठानकर, मुख्य अभियंता व एमसीएडी के कमिश्नर बी सी विश्वकर्मा शामिल थे। बीसलपुर परियोजना के अधिशासी अभियंता मनीष बंसल ने उन्हें विजिट कराया और प्रगति की जानकारी दी। दल ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। बीसलपुर परियोजना के कुल कमांड क्षेत्र 81800 हेक्टेयर में से 5000 हैक्टेयर क्षेत्र को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयन किया गया है। जिसके अंतर्गत राजमहल, दूनी नहर के कमांड क्षेत्र में दाब युक्त पाइप द्वारा प्रत्येक खेत में सिंचाई हेतु जल पहुंचाया जाना प्रस्तावित है। दल ने बीसलपुर बांध का भी निरीक्षण किया तथा स्काड़ा सिस्टम के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता ब्रह्मानंद, दिनेश बैरवा तथा कनिष्ठ अभियंता शीना यादव व रिंकी मीणा भी वहां मौजूद रही।