डीडवाना में गर्मी के मौसम और आगामी नहरबंदी के मद्देनजर जलदाय विभाग (नहरी परियोजना) ने बुधवार को पालोट गांव में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक टीम ने औचक निरीक्षण कर खाली बाड़ों और मकानों में किए गए अवैध कनेक्शनों की जांच की। इस निरीक्षण के दौरान कुल 56 व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से जल कनेक्शन लेने का खुलासा हुआ। विभाग ने इन सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पेनल्टी नोटिस जारी किए हैं। नहरी परियोजना के अधिशासी अभियंता (XEN) अजीत सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे पेयजल आपूर्ति के दौरान बूस्टर या मोटर का उपयोग न करें और अपने अवैध कनेक्शनों को स्वयं हटा लें। उन्होंने बताया कि इन उपायों से नहरबंदी और भीषण गर्मी के दौरान सभी को सुचारु रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।