जालंधर में 'हीरो एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026' की शुरुआत हो चुकी है। सीएम भगवंत मान ने नए स्टेडियम का उद्घाटन करने के साथ टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। भारत और बांग्लादेश के बीच हुए मैच से पहले आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में सीएम मान ने ट्रॉफी उठाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। सीएम भगवंत मान ने टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी टीमों को शुभकामनाएं दी और मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। इस खास मौके पर भारतीय टीम के कई पूर्व गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी भी स्टेडियम में मौजूद रहे। भारत ने बांग्लादेश को 13-0 से हराकर जीत हासिल की। मोहाली में होगा फाइनल मुकाबला स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और विदेशी खिलाड़ियों का धन्यवाद करते हुए सीएम मान ने कहा कि पंजाब में पहली बार इस तरह के बड़े एशियन टूर्नामेंट का आयोजन होना सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जानकारी दी कि लीग मैचों के लिए जालंधर और मोहाली के स्टेडियमों को चुना गया है। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबला जालंधर में खेला जाएगा, जबकि ग्रैंड फाइनल मैच मोहाली में आयोजित होगा। भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी 'सरपंच साहब' हरमनप्रीत सिंह का जिक्र करते हुए सीएम ने एक भावनात्मक बात साझा की। उन्होंने बताया कि हरमनप्रीत हमेशा कहते थे कि उन्होंने दुनिया भर के मैदानों में टूर्नामेंट खेले हैं, लेकिन अपनी घरेलू धरती पर अपने माता-पिता के सामने खेलने का मौका नहीं मिला था। अब अपने देश और अपनी मिट्टी पर खेलना उनके और राज्य के लिए बहुत सम्मान की बात है। विदेशी टीमों के कप्तानों को भी सम्मानित किया कार्यक्रम के अंत में सीएम भगवंत मान ने विदेशी टीमों के कप्तानों को भी सम्मानित किया और दर्शकों से अपील की कि वे स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं। इस प्रतियोगिता में भारत, मलेशिया, जापान, कोरिया, चीन और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आज हुए 2 मैचों का स्कोर बोर्ड मलेशिया बनाम चाइना 5–4 जापान बनाम साउथ कोरिया 3–2 मोहाली में खेले जाएंगे नॉकआउट और फाइनल मैच टूर्नामेंट के सभी ग्रुप (पूल) मैच 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर के सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे। इसके बाद 4 नवंबर से क्लासिफिकेशन और सेमीफाइनल मुकाबले मोहाली में शुरू होंगे। प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित ब्रॉन्ज मेडल मैच और फाइनल (गोल्ड मेडल) मुकाबला 5 नवंबर 2026 को मोहाली में खेला जाएगा।