जालोर में नगर निकाय चुनाव के दौरान कोतवाली थाना पुलिस ने 106.43 ग्राम एमडी (मौली) बरामद की है। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस को 9 सितंबर को जालोर शहर के गौरव पथ मार्ग पर एक युवक के पास मादक पदार्थ होने की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जोधपुर के झंवर थाना क्षेत्र के लुणावास जाटान निवासी सुरेंद्र धेतरवाल (20) पुत्र हप्पाराम विश्नोई को पकड़ा। उसके कब्जे से 106.43 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 25 के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई एसपी शैलेंद्र सिंह इंदोलिया के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और वृत्ताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर भाटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। खरीद और सप्लाई को लेकर पूछताछ पुलिस आरोपी से एमडी की खरीद, आपूर्ति और इसे किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम शामिल रही। कांस्टेबल सुरेंद्र कासनियां का विशेष योगदान रहा।