जालोर जिले के बागरा थाना क्षेत्र के सियाणा गांव में भाजपा नेता और वकील नटवर सिंह राजपुरोहित पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में गुरुवार को राजपुरोहित समाज समेत लोगों ने जालोर-सिरोही स्टेट हाईवे करीब चार घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारी हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। डीएमपी गौतम जैन की समझाइश और जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद रात करीब 9 बजे जाम खोल दिया गया। घटना को लेकर आज भी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बदमाशों को जल्द पकड़ने की मांग की जाएगी। गिरफ्तारी नहीं होने पर फिर किया प्रदर्शन ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि गुरुवार शाम 5 बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद श्री क्षेत्रपाल व्यापार संघ के बैनर तले सर्व समाज के लोग शाम करीब 6 बजे सियाणा बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और जालोर-सिरोही स्टेट हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घायल ने कई लोगों पर लगाया हमले का आरोप घायल नटवर सिंह राजपुरोहित का अहमदाबाद में इलाज चल रहा है। उन्होंने अपने बयान में आरोप लगाया है कि जालोर से सियाणा लौटते समय दो वाहनों में सवार लोगों ने उनकी कार रुकवाकर धारदार हथियारों से हमला किया। उन्होंने सूर्यवीरसिंह, सुरेन्द्रसिंह, श्रवण पुरोहित सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। बयान के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घायल के बयान दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। इसी के विरोध में बुधवार देर रात तक सियाणा-सिरोही मार्ग जाम रहा और गुरुवार को भी लोगों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। कोर्ट से लौटते समय हुआ था हमला जानकारी के अनुसार, सियाणा निवासी भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता और वकील नटवर सिंह राजपुरोहित बुधवार शाम जालोर कचहरी से अपना काम निपटाकर कार से गांव लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे आकोली और सियाणा के बीच आडवाड़ा गांव के पास सामने से आई गाड़ी में सवार लोगों ने उनकी कार रुकवाकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। लोगों के पहुंचने पर भागे हमलावर हमले के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो हमलावर फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से नटवर सिंह राजपुरोहित को सियाणा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले सिरोही रेफर किया गया। बाद में उन्हें अहमदाबाद ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। --- यह खबर भी पढ़े… भाजपा नेता को घेरकर लोहे के सरिए से पीटा:सिर पर गहरा घाव, हाथ में फैक्चर; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर रात 11 बजे तक धरना