पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी होगी। नामांकन जमा कराने का आज अंतिम दिन है। प्रत्याशी दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा करा सकेंगे। गुरुवार को जिला परिषद सदस्य पद के लिए जिले के विभिन्न वार्डों में 44 नामांकन पत्र जमा हुए। इसके साथ ही अब तक कुल 84 नामांकन प्रस्तुत किए जा चुके हैं। द्वितीय चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए जिले में अब तक 372 व्यक्तियों ने 428 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें आहोर पंचायत समिति में 25 व्यक्तियों के 32, भाद्राजून में 27 व्यक्तियों के 30, भीनमाल में 19 व्यक्तियों के 22, जालोर में 19 व्यक्तियों के 24, जसवंतपुरा में 4 व्यक्तियों के 4, सायला में 17 व्यक्तियों के 19 और उम्मेदाबाद पंचायत समिति में 37 व्यक्तियों के 45 नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए गए। भाजपा ने 42 वार्डों में घोषित किए प्रत्याशी इधर, भाजपा ने गुरुवार रात करीब 9 बजे जिला परिषद सदस्य पद के 43 वार्डों में से 42 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। वार्ड-6 में प्रत्याशी के नाम पर फैसला नहीं होने से इसे विचाराधीन रखा गया है। पार्टी की सूची जारी होने के बाद चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। प्रत्याशी भी प्रचार-प्रसार में जुटने लगे हैं। अब नामांकन के अंतिम दिन के बाद चुनावी मुकाबले की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। आज कांग्रेस भी अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करेंगी।