जयपुर के चर्चित जामिया ट्रस्ट मामले में थाना जयसिंहपुरा खोर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और इनामी बदमाश नासिर खान को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) के कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। थाना जयसिंहपुरा खोर पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई दर्ज मामले में की जा रही है। यह नोटिस पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) के 3 जुलाई के आदेश की पालना में जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि आरोपी को सोमवार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा), जयपुर के कार्यालय में उपस्थित होकर मामले के संबंध में पूछताछ और जांच में सहयोग करना होगा। इसी बीच, पुलिस उपायुक्त (उत्तर) कार्यालय के आदेश से जारी इनामी अपराधियों की सूची में भी नासिर खान पुत्र अल्ताफ खान का नाम शामिल है। उस पर इस मामले में 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने राजस्थान पुलिस नियमों के तहत उसकी गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को यह पुरस्कार देने की घोषणा कर रखी है। क्या अब होगी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी? करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपियों को अब सीधे अपराध शाखा में तलब किए जाने से मामले की जांच नई दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या पेशी के बाद पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी और क्या लंबे समय से फरार चल रहे इन आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। फाइल ट्रांसफर की कोशिश में जुटे आरोपी उधर, परिवादियों का कहना है कि पुलिस इस मामले में पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है। उनका आरोप है कि इस निष्पक्ष जांच से घबराकर कुछ आरोपी मामले की फाइल ट्रांसफर कराने का प्रयास कर रहे हैं ताकि जांच को प्रभावित किया जा सके। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब 6 जुलाई को अपराध शाखा कार्यालय में होने वाली पेशी और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि जामिया ट्रस्ट प्रकरण में आने वाले दिनों में कोई बड़ा खुलासा और महत्वपूर्ण कानूनी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।