बाड़मेर | बाड़मेर को हरा-भरा बनाने के लिए जन कल्याण संस्थान पिछले 10 वर्षों से एक घर एक पौधा अभियान चला रही है। इसी कड़ी में संस्थान इस वर्ष शहर के अलग-अलग 10 स्थानों पर सघन पौधरोपण कर ग्रीन वे बनाएगी। 10 स्थानों का चयन पूरा हो चुका है। शुभारंभ 7 मई से होगा। संस्थान अध्यक्ष मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि तय लक्ष्यों की पूर्ति के तहत शहर के चयनित 10 मार्गों को ग्रीन वे में बदला जाएगा। इससे शहर की हरियाली में अप्रत्याशित इजाफा होगा। ऑक्सीजन जोन तैयार होंगे। अमन ने बताया कि रोहिड़ा पाडा मुख्य मार्ग, जूना किराड़ू मार्ग, करमूजी की गली, महाबार रोड, हमीरपुरा, शिवकर मार्ग, प्रतापजी की प्रोल, सामुदायिक सभा भवन वार्ड नंबर 10, ढाणी बाजार को इस वर्ष ग्रीन वे बनाने के लिए काम किया जाएगा। इसे लेकर वृहद स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।