डीग जिले के जनूथर कस्बे में नदबई रोड मुख्य तिराहे पर सड़क किनारे रखे एक ट्रांसफार्मर से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। यह ट्रांसफार्मर आबादी क्षेत्र में स्थित है, जहां से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। स्कूली बच्चों और राहगीरों का भी यहां से लगातार आना-जाना लगा रहता है। ट्रांसफार्मर के आसपास फल और सब्जी विक्रेताओं की दुकानें होने के कारण यहां अक्सर भीड़ रहती है। कस्बेवासियों ने इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार पत्र लिखे हैं, लेकिन ट्रांसफार्मर को अभी तक हटाया नहीं गया है। कई बार उठाई गई मांग, अनशन भी किया जनवरी 2018 में भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रभान गुप्ता ने इस समस्या के समाधान के लिए कस्बे में आमरण अनशन किया था। उस समय डीग के बिजली विभाग के अधिकारियों ने 8-10 दिनों के भीतर ट्रांसफार्मर हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वर्षों बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। चंद्रभान गुप्ता ने बताया कि 2018 में ट्रांसफार्मर हटाने की पूरी कार्यवाही हो गई थी, लेकिन उसी दौरान डीग निगम कार्यालय में कार्यरत जेईएन की हार्ट अटैक से मौत हो गई, जिसके चलते कागजी कार्यवाही अटक गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी झालावाड़ जैसे किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। कस्बा निवासी गोविंद शाक्य ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के कारण कस्बे में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। यदि ट्रांसफार्मर को यहां से हटा दिया जाता है, तो लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी और किसी भी संभावित अनहोनी से बचाव हो सकेगा।