भरतपुर में ऐतिहासिक श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले के उद्घाटन के एक दिन बाद ही हालात खराब हो गए हैं। तेज बारिश के बाद नुमाइश मैदान में पानी भर गया। इसके कारण मेले में आने वाले व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राउंड में जगह-जगह पानी भरा हुआ है, इससे व्यापारी दुकान नहीं लगा पा रहे हैं, जबकि झूले लगाने में भी परेशानियां आ रही है। पिछली बार से कई गुना महंगा किराया झूला व्यापारी दिलीप कुमार शर्मा ने बताया- मैं प्रदर्शनी में झूला लगा रहा हूं। नुमाइश मैदान में व्यापारियों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं है, लाइट की सुविधा भी नहीं हैं। गुरुवार को मेले का उद्घाटन हुआ और शाम को बारिश हो गई। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों के बारे में नहीं सोचा। जबकि सभी व्यापारियों ने दुकान लगाने की जगह कई गुना महंगी किराए पर ली हैं। बारिश के बाद मैदान में भरा पानी संयुक्त निदेशक अरविंद सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन गुरुवार की शाम को हुआ, उसके बाद शाम के समय काफी तेज बारिश और आंधी आई। उससे कुछ व्यवस्थाएं बिगड़ी थी। जहां सर्कस लगता है, वहां पानी भर गया था। रातभर मोटर चलाकर प्लॉट से पानी निकाला गया है। अब विभाग की तरफ से व्यापारियों को जो भी सुविधाएं हैं, वह उपलब्ध करवाई जाएंगी। हर साल प्रदर्शनी का समय बढ़ाया जाता है, इसलिए मेले के समय ख़त्म होने की अवधि में कंडीशन देखकर प्रशासन मेला बढ़ाने का निर्णय लेगा।