राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को किशनगढ़बास विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जटियाना में एलईडी मोबाइल वैन पहुंची। वैन के गांव में पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और उन्होंने योजनाओं से संबंधित जानकारी को सुना। इस अवसर पर किशनगढ़बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव ने ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। अभियान के तहत, एलईडी मोबाइल वैन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने उपस्थित अतिथिगण एवं जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।