जेईई-मेन 2026 के अप्रैल सेशन में बी-आर्क और बी-प्लानिंग परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने इन कोर्स की फाइनल आंसर की जारी कर दी है। अब इन्हीं के आधार पर कभी भी रिजल्ट और स्कोर कार्ड जारी किए जा सकते हैं, जिससे छात्रों की धड़कनें तेज हो गई हैं। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार इस बार का पेपर पूरी तरह सही रहा है। यानी प्रश्नों में कोई गलती नहीं रही है। फाइनल आंसर-की में न तो कोई प्रश्न ड्रॉप किया गया है और न ही किसी प्रश्न के एक से अधिक सही विकल्प पाए गए हैं। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया पारदर्शी और स्पष्ट मानी जा रही है। बी-आर्क और बी-प्लानिंग पाठ्यक्रमों के प्रति छात्रों का रुझान लगातार कम देखने को मिल रहा है। आंकड़ों के अनुसार, साल 2024 में करीब 99 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन परीक्षा में लगभग 71 हजार ही शामिल हुए। वहीं, बीई/बीटेक के लिए यह संख्या करीब 13 लाख तक पहुंचती है। देव शर्मा के मुताबिक वर्ष 2026 के अप्रैल सेशन में शामिल स्टूडेंटस के आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं, जिन्हें रिजल्टके साथ जारी किया जा सकता है। गौरतलब है कि जेईई मेन बीटेक और बीई कोर्स का रिजल्ट हाल में ही जारी किया गया था। जिसमें पहली रैंक कोटा से आई थी। इधर, नीट का एग्जाम भी खत्म हो चुका है और अब स्टूडेंटस अपने आंसर्स और संस्थानों की ओर से जारी आसंर की के अनुसार अपने अपने अनुमानित स्कोर को जानने में जुटे हुए हैं। हालांकि फाइनल स्कोर आंसर की के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।