खानपुर| कस्बे के मेहरों की हथाई क्षेत्र में रविवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था। लौटने पर कमरों में सामान बिखरा मिला और दीवान का लॉक टूटा हुआ था। थानाधिकारी रविंद्र सिंह के अनुसार अनवर हुसैन ने बताया कि रविवार रात वह पत्नी और बच्चों के साथ घर से बाहर गए थे। इसी दौरान बदमाश दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे दीवान का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब डेढ़ तोले का सोने का हार, आधा-आधा तोले की सोने की अंगूठियां व झुमकी, 250 ग्राम चांदी की पायजेब तथा 100 ग्राम चांदी की पायल चुरा ले गए। खानपुर उपखंड के सारोला कस्बे में 16 मई को एक सर्राफा व्यापारी के यहां मध्यरात्रि को अज्ञात बदमाश 1 किलो सोना, 140 किलो चांदी और करीब 10 लाख रुपए चुरा ले गए थे। खुलासे के लिए एसपी अमित कुमार ने पूरे खानपुर सर्किल की पुलिस लगा दी, लेकिन आज तक चोरी का खुलासा नहीं हुआ है।