हनुमानगढ़ पुलिस ने भादरा थाना क्षेत्र के कलाना गांव में मोबाइल दुकान पर हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य शूटर विशाल धानक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को हरियाणा की झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। यह मामला 22 मई 2026 को कलाना स्थित एक मोबाइल दुकान पर हुई फायरिंग से जुड़ा है। इस घटना में मनीष और संदीप घायल हो गए थे। उपचार के दौरान संदीप की मौत हो जाने के बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी गई थी। इस संबंध में भादरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया था। टीम ने पहले ही एक नाबालिग सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार विशाल धानक कलाना निवासी है और उसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या, फिरौती और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे घटना की साजिश, हथियार उपलब्ध कराने वालों, फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर अन्य आरोपियों की संलिप्तता, हथियारों की बरामदगी और पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। पहले से गिरफ्तार हुए 13 आरोपी पवन (19) निवासी धानसिया, खुईयां, बजरंग ( 20) निवासी रातुसर, नोहर, प्रदीप (21), उतम (20), संजय (21), सुभाष (40), लालकृष्ण (26), रमजान (21), अनिल कुमार (23), सुरेन्द्र कुमार (28), खेताराम (32) निवासी कलाना, पुलिस थाना भादरा, नीरज यादव (24) निवासी लालगंज (यूपी) हाल निवासी आयानगर, नई दिल्ली व विधि से संघर्षरत नाबालिग को पकड़ा जा चुका है।