झालावाड़ पुलिस ने मंगलवार को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की, वहीं महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का अभियान जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सके। साइबर अपराध, कानून और सिटिजन ऐप की जानकारी पिड़ावा की डीवाईएसपी पूजा नागर ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, बच्चों के अधिकारों और आपातकालीन स्थिति में सिटिजन ऐप के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक तुरंत पुलिस से संपर्क करें। अधिकारों की जानकारी से बढ़ेगा आत्मविश्वास बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष शिवराज सिंह हाड़ा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बेटियों को उनके अधिकारों, कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर आत्मविश्वासी बनाते हैं। समिति सदस्य पूर्णिमा झाला ने कहा कि आत्मरक्षा के साथ-साथ महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी होना भी जरूरी है। सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की दी जानकारी जन साहस संस्था की कोऑर्डिनेटर वंदना सक्सेना ने बेटियों को जागरूक रहने और किसी भी समस्या में स्वयं को अकेला नहीं समझने का संदेश दिया। सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी पल्लवी चतुर्वेदी ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित सरकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान लाइन पुलिस निरीक्षक मोहनलाल पोसवाल भी मंच पर मौजूद रहे। हेल्पलाइन, आत्मरक्षा और सम्मान समारोह कार्यक्रम में महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों, आत्मरक्षा के उपायों और पुलिस की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला वॉलंटियर्स से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में रही महिलाओं और छात्राओं की भागीदारी कार्यक्रम में सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजीविका समूह की महिलाएं, साथिन, एनएसएस स्वयंसेवक, विभिन्न एनजीओ प्रतिनिधि, स्कूल एवं कॉलेजों की प्रधानाचार्य, शिक्षिकाएं, एएनएम, जीएनएम, महिला अधिवक्ता, आशा सहयोगिनी, गृहिणियां, छात्रावास वार्डन और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।