झालावाड़ में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत करीब 10 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अतिक्रमण हटाने का यह अभियान ग्राम पुरा स्थित वन भूमि पर चलाया गया। यह कार्रवाई उपवन संरक्षक सागर पवार के निर्देशन और क्षेत्रीय वन अधिकारी असनावर संजू कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने जेसीबी मशीन का उपयोग कर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया और वन भूमि को पूरी तरह से मुक्त कराया। अभियान के दौरान रेंज असनावर का स्टाफ और गश्ती दल झालावाड़ की टीम भी मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई में नाका प्रभारी गोवर्धनपुरा रामस्वरूप गुर्जर, वनरक्षक अनिल कुमार, नरेश सिंह सहित गोपाल सिंह, करण सिंह, ओमप्रकाश, गायत्री, राजेंद्र, प्रमोद सिंह, अब्दुल रशीद और जगदीश समेत अन्य वनकर्मियों ने भाग लिया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन संपदा की सुरक्षा और संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। जन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें: कलेक्टर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग के विभिन्न लंबित प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें। लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश बैठक में गैर खातेदार के धारा 14(4) के प्रकरणों, राजस्व, रोड, पीडीआर एवं एलआर एक्ट के तहत वसूली प्रकरणों, ऑनलाइन नामांतरण, सीमाज्ञान एवं सहमति विभाजन के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए झालावाड़ जिले को प्रदेश में राजस्व निस्तारण के क्षेत्र में रोल मॉडल बनाने की दिशा में कार्य करें। जन सुनवाई एवं संपर्क पोर्टल के प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करें जिला कलेक्टर ने जिला स्तरीय जन सुनवाई, संपर्क पोर्टल एवं पीजी पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।