झालावाड़ में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत निजी स्वास्थ्य संस्थानों और पेशेवरों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने के लिए 15 से 30 अक्टूबर तक अभियान चलेगा। इसका मकसद निजी स्वास्थ्य क्षेत्र को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनकी डिजिटल पहचान बनाना है। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि अभियान में निजी डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों की हेल्थकेयर प्रोफेशनल आईडी (एचपीआईडी) बनेगी। निजी अस्पताल, क्लीनिक, फार्मेसी, लैब और सोनोग्राफी सेंटर की हेल्थकेयर फैसिलिटी आईडी (HFID) तैयार होगी। डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जाएगा इन आईडी से निजी स्वास्थ्य संस्थानों और पेशेवरों को ABDM की डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान निजी चिकित्सा संस्थानों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) सॉफ्टवेयर लागू होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल प्रबंधन बढ़ेगा। विभाग चाहता है कि ज्यादा से ज्यादा निजी स्वास्थ्य संस्थान और पेशेवर रजिस्टर हों। पंजीकरण और तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए स्वास्थ्य भवन से जानकारी मिलेगी। यह पहल डिजिटल रिकॉर्ड और सेवाओं को बढ़ावा देगी।