झालावाड़ के जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों के चित्रों पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विचार गोष्ठी भी हुई। नगरपरिषद उपसभापति फारूख अहमद ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार पटेल ने देश के विकास और निर्माण में योगदान दिया। उन्होंने अपने काम और नेतृत्व से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई। फारूख अहमद ने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, जिससे गरीबों और आम लोगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचीं। उन्होंने हरित क्रांति को बढ़ावा देकर देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।