झालावाड़ में एसीबी ने शनिवार को वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) विक्रम रैगर और वाहन ड्राइवर फिरोज को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई शहर के माम् भानेज चौराहे स्थित वन विभाग गश्ती दल कार्यालय में की गई। रायपुर निवासी टिंबर कारोबारी इम्तियाज की शिकायत पर एसीबी ने सत्यापन के बाद ट्रैप बिछाया। आरोप है कि लकड़ी से भरे वाहनों को पास कराने के बदले पहले प्रति गाड़ी 5 हजार रुपए और बाद में 15 हजार रुपए मासिक बंधी की मांग की जा रही थी। रिश्वत की शिकायत पर बिछाया ट्रैप एसीबी झालावाड़ के सीआई साजिद खान ने बताया कि रायपुर निवासी इम्तियाज टिंबर ट्रेडिंग का काम करते हैं और लाइसेंस के आधार पर लकड़ी खरीदकर बाहर सप्लाई करते हैं। उन्होंने शिकायत दी थी कि वन विभाग का गश्ती दल उनके वाहनों को पास कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा है। प्रति गाड़ी से मासिक बंधी तक पहुंची मांग फरियादी के अनुसार, शुरुआत में आरोपियों ने प्रति गाड़ी 5 हजार रुपए की मांग की। बाद में यह राशि 15 हजार रुपए मासिक बंधी के रूप में तय कर दी गई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। एएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई पूरे ऑपरेशन को एसीबी की एडिशनल एसपी प्रेरणा शेखावत के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई का पर्यवेक्षण डीआईजी ओमप्रकाश मीणा ने किया। पूछताछ और घरों की तलाशी जारी एसीबी फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल है या नहीं। एडिशनल एसपी प्रेरणा शेखावत ने बताया कि आरोपियों के घरों की तलाशी ली जा रही है और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।