झालावाड़ के कोलाना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को 'नारी चौपाल–सशक्त बालिका, सुरक्षित समाज' कार्यशाला हुई। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। महिला अधिकारिता विभाग की हब योजना के तहत हुई इस कार्यशाला में जेंडर स्पेशलिस्ट मीनाक्षी सोलंकी, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की प्रबंधक रेखा जोशी, काउंसलर सुनीता जोशी, अंतिमा उच्वानिया, लीगल काउंसलर ममता कुमारी और सखी वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर भगवान कंवर ने हिस्सा लिया। इन अधिकारियों ने बालिकाओं को कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना और लाड़ो प्रोत्साहन योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। लाड़ो प्रोत्साहन योजना में बालिका के जन्म से जुड़े सात चरणों में कुल 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।